अंबाला सिटी। शहर के एक लाख 10 हजार उपभोक्ताओं ने अप्रैल से अगस्त माह तक करीब 17 करोड़ बिजली यूनिट फूंक दी। पिछले साल शहर के उपभोक्ताओं ने 20 करोड़ यूनिट बिजली खपत की थी। हालांकि इस बार बिजली खपत पिछले साल के मुकाबले कम है, मगर बिजली खपत को देखते हुए निगम चेकिंग अभियान चलाएगा। साथ ही आगामी गर्मी के सीजन में बिजली संबंधित दिक्कत न आए, इसको लेकर नए फीडर स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। वहीं, शहर के वेस्ट सब डिविजन घास मंडी एरिया में भी 33केवी सब स्टेशन स्थापित करने के लिए निगम कार्य कर रहा है। सब स्टेशन को लेकर अभी निगम की प्रक्रिया चल रही है।
दरअसल, पिछले कई दिनों से ग्रामीण एरिया में बिजली कट लग रहे हैं। यह कट कभी दिन में लगते हैं तो कभी रात में। आधे से एक घंटे तक के कटों ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे हैं। यह स्थिति पिछले कई दिनों से बनी हुई है। दूसरी ओर, खेतों में फसलों को पानी देने के लिए चल रहे ट्यूबवेलों का लोड ज्यादा होने से बिजली समस्या आ रही है। हालांकि, बीते दिनों हुई बारिश के बाद बिजली खपत में कमी आई है। इससे बिजली कटों को लेकर बीच-बीच में राहत मिलती है।
लाइनलाॅस कम करने के लिए अभियान
बिजली निगम शहर डिविजन के कार्यकारी अभियंता सुखबीर सिंह ने बताया कि शहर में अभी करीब 10 प्रतिशत लाइनलॉस चल रहा है। जिन एरिया में बिजली खपत ज्यादा है और निगम को राजस्व कम आ रहा है, उन एरिया में चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। शहर के साथ-साथ ग्रामीण एरिया में भी चेकिंग की जाएगी। पहले भी निगम ने कई बार अभियान चलाकर बिजली चोरी पकड़ी है।
पिछले साल के मुकाबले कम खपत
पिछले वर्ष शहर डिविजन में अप्रैल से लेकर अगस्त महीने के मध्य तक करीब 20 करोड़ यूनिट बिजली खपत हुई थी। इस बार 17 करोड़ यूनिट ही बिजली खपत हुई है। हालांकि अगस्त माह में उमस भरी गर्मी व एग्रीकल्चर सीजन होने से यह खपत बढ़ गई थी। अब बारिश होने से फिर थोड़ा कम हुई है। शहर में करीब एक लाख 10 हजार उपभोक्ता हैं।