अंबाला सिटी। पिछले कई दिनों से शहर और ग्रामीण एरिया में लग रहे बिजली कटों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। एक तरफ उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है, वहीं बिजली कट भी दिन और रात में लग रहे हैं।
घरेलू उपभोक्ताओं को ही नहीं, बल्कि धान की सिंचाई के लिए भी किसानों को पूरी बिजली नहीं मिल रही। बीते मंगलवार को किसानों ने चौड़मस्तपुर सब डिविजन पर बिजली न मिलने पर धरना भी दिया था। वहीं शहर व ग्रामीण एरिया में कई-कई बार बिजली कट लग रहे हैं।
बिजली निगम चलाएगा अभियान
बिजली खपत को देखते हुए बिजली निगम चेकिंग अभियान भी चलाएगा। शहर डिविजन के कार्यकारी अभियंता सुखबीर सिंह ने बताया कि अभी करीब 10 प्रतिशत लाइनलॉस है। बिजली खपत को देखते हुए चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत शहर व ग्रामीण एरिया कवर किए जाएंगे। उन एरिया में चेकिंग की जाएगी, जहां बिजली खपत ज्यादा चल रही है और निगम को राजस्व कम आ रहा है। यही नहीं डिफाल्टर उपभोक्ता से भी पैसे की रिकवरी की जाएगी। वहीं बिजली निगम इससे पहले कई बार चेकिंग अभियान चला चुका और बिजली चोरी पकड़ने पर लाखों रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
बारिश होने से बिजली खपत में राहत
बीते दिनों हुई बारिश से मौसम में थोड़ा बदलाव हुआ है। जिससे बिजली खपत भी कम हुई है। सितंबर माह के शुरूआती 7 से 8 दिन गर्म रहे। इससे उमस भरी गर्मी होने से तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। अब मौसम में थोड़ी ठंडक आई है। जिससे बिजली खपत भी कम होगी।
रात में हुई 13 मिलीमीटर बारिश
पिछले 24 घंटे में 13.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जिसका असर बुधवार दिन में भी देखने को मिला। बुधवार दिन में कम गर्मी रही। दिन का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 14 से 19 सितंबर तक उत्तर हरियाणा में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा बुधवार दिन में भी कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई।