अंबाला सिटी। शहर के जैन बाजार के बाल योगी श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ ट्रस्ट के प्रबंधन पर संस्थापक अमित जैन द्वारा कार्रवाई की गई है। संस्थापक ने एक पत्र जारी करते हुए प्रधान व पूरी ट्रस्ट की कार्यकारिणी को भंग कर लिया है। ऐसा उन्होंने अपने संवैधानिक अधिकार को प्रयोग करते हुए किया वहीं कई गंभीर आरोप भी लगाए। इस पत्र में उन्होंने लिखा है कि फरवरी 14 को ट्रस्ट की कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। अब सभी को सूचित किया जा रहा है कि इस ट्रस्ट के नाम, पद का कोई प्रयोग न करे। वहीं जब तक नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हो जात तब तक चंदा एकत्रित करने का अधिकार भी नहीं होगा। इसके साथ इन चेतावनियों को न मानने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इस मामले में संस्थापक अमित जैन से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के पुराने प्रबंधन ने महत्वपूर्ण बैठक की मगर उन्हें जानकारी नहीं दी गई, न ही हाउस की बैठक में एजेंडा पास हुआ। इसके साथ ही लाखों रुपये की एफडी कराई गई है मगर उन्हें नहीं बताया गया। उन्होंने कहा कि इस ट्रस्ट को वर्ष 2017 में बाबा बालकनाथ के विचारों और उनके नाम पर आगे बढ़ाने के लिए बनाया गया था। ट्रस्ट के माध्यम से हम वर्ष में भंडारा आदि कार्य करते हैं। ट्रस्ट में किसी की ऐसी मंशा नहीं है कि कोई वित्तीय लाभ ले लेगा मगर नियमानुसार कार्य करना चाहिए। संजीव कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कोई कार्यकारिणी भंग नहीं होती। बल्कि हाउस की बैठक में ऐसा होता है। इस मामले में हम अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे और संस्थापक की कार्रवाई को मान्य नहीं मानते।