पूर्व पार्षद चित्रा सरवारा जरूरतमंद लोगों को खाना वितरित करते हुए।
- फोटो : AMAR UJALA
अम्बाला कोरोना वायरस की महामारी के चलते लागू देशव्यापी लॉकडाउन की स्थिति में रोजी रोटी से मोहताज जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हरियाणा डैमोक्रेटिक फ्रंट ने अम्बाला छावनी के किंग पैलेस में सांझी रसोई की शुरूआत खाने के 1 हजार पैकेटों से की थी जोकि अब 2 हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है। हरियाणा डैमोक्रेटिक फ्रंट की नेत्री चित्रा सरवारा ने यह खुलासा करते हुए कहा कि उनकी कोशिश है कोई भी जरूरतमंद किसी भी स्थिति में भूखा न सोए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में जरूरतमंदों की मदद करने के साथ साथ इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है कि कोरोना की स्थिति गंभीर न हो। उन्होंने कहा कि समाज में 2 प्रकार के लोग होते हैं एक मदद देने वाले और दूसरे मदद लेने वाले। उन्होंने कहा कि मदद देने वाले लोगों के सहयोग से ही सांझी रसोई की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा डैमोक्रेटिक फ्रंट के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता समाजसेवा के इस कार्य में तन-मन-धन से सहयोग देने के साथ साथ अपने अपने क्षेत्रों में निजी तौर पर भी जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि सांझी रसोई का यह खाना हर हाल में केवल जरूरतमंदों तक पहुंचे। इसीलिए जिला प्रशासन की ओर से भेजी जा रही जरूरतमंदों की सूची के साथ साथ इस कार्य में जुटे लोगों के माध्यम से तैयार की गई सूची के मुताबिक जरूरतमंदों को खाना पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ एक ऐसी लड़ाई है जिसे आमने सामने होकर नहीं लड़ा जा सकता। इस लड़ाई का एकमात्र विकल्प की आप अपने अपने घर पर रहे। बार बार गरम पानी के गरारे, विटामिन की गोलियां, दस्ताने, मास्क और सेनेटाइजर का इस्तेमाल करके ही इस बीमारी को हराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों के इलावा दिहाड़ीदार लोग व्यापारी तथा अन्य वर्ग भी कोरोना वायरस के महामारी के चलते लॉकडाउन की स्थिति से बुरी तरह प्रभावित है। जिनकी मदद के लिए सरकार को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रवासी मजदूरों के पास राशन कार्ड नहीं है उन्हें भी फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत मदद मिलनी चाहिए। राशन के डिपुओं के माध्यम से पीले कार्ड धारकों को निशुल्क राशन सप्लाई करने के साथ साथ सरकार को थोक विक्रेताओं को भी योजनाबद्ध तरीके से संगठित करके उचित मूल्य पर राशन सामाग्री और अन्य जरूरत के सामान की होम डिलवरी करवाने की व्यवस्था करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना की इस महामारी के खिलाफ जारी देशव्यापी युद्ध में अपने घर परिवार को छोड़कर रात दिन ड्यूटी कर रहे प्रशासनिक अधिकारियों,होस्पिटल के डॉक्टर, नर्सों व अन्य कर्मचारियों, पुलिस विभाग और नगर निगम के कर्मचारियों के प्रति हरियाणा डैमोक्रेटिक फ्रंट ह्रदय से आभार व्यक्त करते हुए सरकार से मांग करता है कि इन सभी के परिवारों को उचित संरक्षण देने के साथ साथ पर्याप्त राशि का इंश्योरेंस कवर उपलब्ध करवाया जाना चाहिए।