अंबाला। अंबाला जिले में बुधवार को 43 कोरोना संक्रमित मिले। इनमें 12 से 18 साल की उम्र के सात किशोर और दो सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। जिले में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 206 हो गई है।
बुधवार को अंबाला शहर से 12, मुलाना से 10, शहजादपुर से नौ, चौड़मस्तपुर से छह, अंबाला कैंट से तीन, नारायणगढ़ से दो और बराड़ा से एक कोरोना संक्रमित मिला। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोेना संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिए हैं। संक्रमितों में से एक मरीज की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाकी मरीज होम आइसोलेशन में उपचार ले रहे हैं।
कोरोना से पूरी तरह ठीक हुए 31 मरीज
कोरोना के एक्टिव मरीजों के साथ-साथ कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। बुधवार को 31 मरीजों ने कोरोना को मात दी। जिले में पिछले एक माह में 359 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जुलाई माह में 16318 के आरटीपीआर सैंपल लिए गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना के मरीजों का रिकवरी रेट 98.20 फीसदी तक पहुंच गया है। अब तक प्रति दस लाख की जनसंख्या पर 820437 सैंपल लिये गये हैं। इधर डॉ. सुनिधि करोल ने बताया कि टीकाकरण की पहली डोज के तहत 10 63 707 लोगों को वैक्सीनेशन लगी है, जबकि दूसरी डोज के तहत 10 38 836 लोगों को वैक्सीनेट किया गया है।