राधाकृष्ण मंदिर में प्रसाद ग्रहण करते भक्त।। संवाद
शहजादपुर। राधा कृष्ण मंदिर में देवगणों की मूर्तियों की स्थापना और भव्य प्राण प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हो गया। 24 जून से शुरू हुआ यह पावन अनुष्ठान सोमवार, 29 जून तक चला, जिससे पूरा क्षेत्र लगभग एक सप्ताह तक पूरी तरह भक्तिमय रहा। धार्मिक महोत्सव के अंतिम दिन मंदिर परिसर में भव्य हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें शहजादपुर और माजरा के भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति डाली। इस दौरान मंदिर में राम दरबार, राधा कृष्ण, खाटू श्याम, मां दुर्गा, लक्ष्मी नारायण, शनि देव, संतोषी माता, नवग्रह, वीर हनुमान, मां भद्रकाली और शिव परिवार सहित स्वयंभू नर्मदेश्वर की मूर्तियों की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की गई। पंडित सुशील कुमार और पंडित संतोष ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मुख्य पूजा व हवन संपन्न कराया। इसके उपरांत भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया और अटूट भंडारे का आयोजन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में अमित बंसल, राकेश कुमार, लवली, रोहित गुप्ता और मनीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विशेष सहयोग दिया। संवाद