शहजादपुर में पुतला फूंकते कांग्रेस कार्यकर्ता। प्रवक्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत रविवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
ब्लॉक अध्यक्ष दीपक राणा के संयोजन और राज्यसभा सांसद करमबीर बौद्ध के नेतृत्व में पुराने बस स्टैंड से नए बस स्टैंड तक पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ कर मताधिकार का महत्व बताया और फिर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। सांसद बौद्ध ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।