संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। प्रयागराज माघ मेले के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को रोके जाने और बटुकों के साथ पुलिस के कथित दुर्व्यवहार को लेकर अंबाला में रोष है। राष्ट्रीय परशुराम सेना ब्रह्मवाहिनी ने इस घटना को सनातन परंपराओं पर सीधा आघात करार दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो देशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा। राष्ट्रीय परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी जंगशेर शर्मा ने इस कृत्य की निंदा की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों द्वारा बटुकों की शिखा पकड़ कर खींचना और मारपीट करना अत्यंत शर्मनाक और अमानवीय है। यह घटना न केवल एक उच्च कोटि के संत का अपमान है, बल्कि करोड़ों सनातनी श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी ठेस पहुंचाने वाली है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव अशोक शर्मा, प्रदेश सचिव अशोक भारद्वाज, प्रदेश महासचिव महिला रूचि शर्मा, जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा शैली, अंबाला छावनी उपाध्यक्ष संजय शर्मा व अन्य मौजूद रहे।