अंबाला सिटी। दिसंबर माह में पहली बार घना कोहरा छाने से दिन का अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। धूप न निकलने व कोहरा छाने से दिन में भी ठंड ने कंपकंपाया। सुबह घने कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी रही। ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही शहरी क्षेत्र में भी कोहरे की वजह से ठिठुरन भरी ठंड रही। अंबाला में दृश्यता 10 मीटर रिकॉर्ड की गई।
जिले में पिछले 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस गिरा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, कोहरा छाने से बस और 30 ट्रेनें लेट चल रही हैं। इन ट्रेनों का संचालन 20 मिनट से 14 घंटे की देरी से हो रहा है। बाजार में भी ठंड का असर देखने को मिला। लोग गर्म कपड़ों में पूरी तरह से पैक नजर आए। सुबह से शाम तक ठिठुरन भरी ठंड ने परेशान किया। ठंड की वजह से स्कूल व कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या कम चल रही है।
मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र के वैज्ञानिक अजय कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन से चार दिन अत्यधिक व घना कोहरा छाने की संभावना है। अभी घने कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। कोहरा छाने से दिन में भी ठंड सताएगी। दिन और रात के तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है। अंबाला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में यह रेड भी हो सकता है। शुक्रवार को शीतलहर चलने की संभावना है। कोहरे के कारण सूरज की किरणें जमीन पर नहीं पड़ी। जिससे ठंड बढ़ गई है। बता दें कि अगर रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए और दिन का तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए तो शीत लहर यानि कोल्ड डे रिकॉर्ड होता है और अगर सामान्य से तापमान 6.5 डिग्री नीचे चला जाए तो सीवियर कोल्ड डे रिकॉर्ड होता है।
आगे ऐसा रह सकता है मौसम
29 दिसंबर को अत्यधिक घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
30 दिसंबर को अत्यधिक घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
31 दिसंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.0 रह सकता है।
01 जनवरी को घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
कोहरे से थमे 30 ट्रेनों के पहिये
देरी से चलने वाली ट्रेनों में ट्रेन नंबर 22440 कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस 3.45 घंटे, 12013 नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी 3.40 घंटे, 12715 नांदेढ़-अमृतसर सचखंड एक्सप्रेस 6 घंटे, 12311 हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस 2.20 घंटे, 12925 मुंबई-अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस 3.30 घंटे, 15933 न्यू तिनसुखिया-अमृतसर एक्सप्रेस 1.40 घंटे, 12903 मुंबई-अमृतसर गोल्डन टेंपल मेल 1.40 घंटे, 15211 दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस 40 मिनट, 18237 कोरबा-अमृतसर 30 मिनट, 12919 डॉ आंबेडकर नगर-कटरा मालवा एक्सप्रेस 11 घंटे, 22705 तिरुपति-जम्मूतवी हमसफर एक्सप्रेस 10 घंटे, 11077 पूने-जम्मूतवी झेलम एक्सप्रेस 30 मिनट, 12413 अजमेर-जम्मूतवी पूजा एक्सप्रेस 1.30 घंटे, 18101 टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस 1.20 घंटे, 14816 ऋषिकेश-श्रीगंगानगर 20 मिनट, 04523 सहारनपुर-नंगलडैम 40 मिनट, 12414 जम्मूतवी-अजमेर 20 मिनट, 04502 ऊना हिमाचल-सहारनपुर 40 मिनट, 15012 चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस 40 मिनट, 12238 जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस 30 मिनट, 18238 अमृतसर-बिलासपुर एक्सप्रेस 3.45 घंटे, 12498 अमृतसर-नई दिल्ली शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस 1.40 घंटे, 14681 नई दिल्ली-जांलधर एक्सप्रेस 3 घंटे, 14645 जैसलमेर-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस 1 घंटा, 14521 दिल्ली-अंबाला एक्सप्रेस 3.45 घंटे, 04504 लुधियाना-अंबाला 30 मिनट, 14735 श्रीगंगानगर-अंबाला 30 मिनट, 12032 अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी 20 मिनट, 12716 अमृतसर-नांदेढ सचखंड एक्सप्रेस 14 घंटे, 18310 जम्मूतवी-संभलपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।