मुलाना की विधायक संतोष चौहान सारवान ने बुधवार को बराड़ा उपमंडल के दर्जनों गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को 21 फरवरी को बराड़ा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की विकास रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का न्योता दिया। गांव बीहटा में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए संतोष सारवान ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तबसे बिना भेदभाव से प्रदेश में चहुं ओर विकास कार्यों की झड़ी लगी हुई है। इसी विकास के पहिये को ओर अधिक गति प्रदान करने के लिए आगामी 21 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर बराड़ा में लघु सचिवालय सहित लगभग 200 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने कहा कि हलके के बहुत से काम जो अब तक पिछली सरकारों ने पूरे नहीं किये थे, भाजपा सरकार ने वो काम समयबद्ध तरीके से पूरे कर दिखाए हैं। विधायक ने उपमंडल के गांव सांबापुर, गोला, टमनोली, नोहनी, गोकलगढ़, ठाकुरपुरा, उपलाना, तलहेड़ी, रामगढ, झाड़ूमाजऱा, बिहटा व तेपला में भी नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर बलवंत सिंह लंगरछन्नी, मंडल प्रधान जसमेर राणा, युवा विंग प्रधान सुरेंद्र राणा, पीरचन्द राणा, सुभाष राणा संभालखा, बलराम गंगनपुर, बिरेंद्र बिहटा, सतीश कुमार, मलकीत सिंह, कुलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।