बराड़ा। श्री गुरु रविदास धर्म अस्थान सिरसगढ़ पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सिरसगढ़ धर्मस्थान के पदाधिकारियों की मांग पर सुरक्षा की दृष्टि से सोमवार से ही यहां पर पांच पुलिसकर्मियों की गारद लगाने की घोषणा की।
गुरुघर कमेटी की तरफ से मुख्यमंत्री से मांग की थी कि गुरुघर दोसड़का रिहायशी क्षेत्र से हटकर है, इसलिए यहां सुरक्षा मुहैया कराई जाए। वहीं, कमेटी ने मांग की कि हाईवे से एक लेन गुरुघर की तरफ निकाली जाए, जिससे कि हाईवे पर जाम ना लगे। इस पर मुख्यमंत्री ने एनएचएआई से संबंधित कार्यों के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखने की बात कही।
इस धर्मस्थान के जो कार्य मुलाना ग्राम पंचायत से संबंधित हैं उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर करने बारे कहा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी कहा कि वे सिरसगढ़ धर्मस्थान के सामाजिक कार्यों को देखते हुए यहां के जो भी कार्य प्रशासन से संबंधित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर 108 संत श्री निर्मलदास कपालमोचन, संत वीर सिंह हितकारी बुलदंशहर, संत जैनदास हितकारी दयालगढ़, संत रोशनी देवी समेत, मंडलायुक्त रेणु एस फूलिया, डीसी डॉ. शालीन, एसपी जशनदीप सिंह रंधावा, एसडीएम बिजेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में गणमान्यों ने रखे विचार
अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल ने कहा कि मौजूदा सरकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में भगवान गुरु रविदास की ओर से दिखाए मार्गदर्शन में चलते हुए हर वर्ग के लिए बेहतर कार्य कर रही है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बंतो कटारिया ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की ओर से क्रियान्वित की गई योजनाओं का लाभ सीधे-सीधे योग्य लाभपात्रों को मिल रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संत मनदीप दास ने हरियाणा के मुख्यमंत्री की ओर से नशे की रोकथाम और समाज कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
नि:स्वार्थ जनसेवा मंच ने लगाया नेत्र जांच शिविर
इस समागम में समाजसेवी संस्था नि:स्वार्थ जनसेवा मंच ने विशाल नेत्रजांच शिविर लगाया। संस्था के अध्यक्ष जरनैल सिंह ने बताया कि हर वर्ष यह कैंप गुरुघर में लगाया जाता है। पहले यह कैंप केवल 31 जुलाई को ही लगाया जाता था लेकिन इस बार यह कैंप 30 और 31 जुलाई को दो दिन लगाया गया। कैंप में कपिल आई अस्पताल की टीम ने दो दिनों में करीब 2500 मरीजों की आंखों की जांच की। सलाहकार निर्मल कुमार ने बताया कि सभी मरीजों को निशुल्क चेकअप के बाद निशुल्क दवाईयां दी गई। इस अवसर पर संस्था की कानूनी सलाहकार एडवोकेट सरिता जरोरा, कोषाध्यक्ष अमर सिंह, रोहित कुमार, संजीव कुमार, विकास कुमार, डॉ. रमन रावत, डॉ. परीक्षित, डॉ. शालिनी चौहान, डॉ. वसीम, पालाराम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।