देश में चलने वाली 151 प्राइवेट ट्रेनों में चंडीगढ़ से लिंक 14 ट्रेन भी शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों का रख-रखाव चंडीगढ़ डिपो में किया जाएगा। इस संबंध में अंबाला मंडल जल्द ही कार्रवाई शुरू कर देगा। यात्रियों को अतिरिक्त सुविधाएं देने के लिए पूरे देश में रेलवे ने प्राइवेट ट्रेन चलाने का फैसला किया है, लेकिन यह ट्रेन कब चलेंगी, इसकी अभी स्टीक जानकारी नहीं है। हालांकि रेलवे का कहना है कि पहले दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा सेक्शन पर ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। लेकिन उत्तर भारत के लोगों को भी इन प्राइवेट ट्रेनों में सफर करने का मौका मिलेगा। इन ट्रेनों का ठहराव छावनी रेलवे स्टेशन पर होगा। ट्रेनों की स्पीड भी लगभग 160 किलोमीटर प्रतिघंटा रखने की बात कही गई है। लेकिन अभी इस प्रक्रिया मे कितना वक्त लगेगा, यह आने वाला समय ही बताएगा। अंबाला रेल प्रबंधक जीएम सिंह ने बताया कि 14 प्राइवेट ट्रेन अंबाला मंडल के हिस्से में आएंगी। इन ट्रेनों का रख-रखाव चंडीगढ़ में ही किया जाएगा। प्राइवेट ट्रेनों के संचालन के दौरान पहले से चल रही किसी भी ट्रेन को रद्द करने का अभी कोई प्रपोजल नहीं है।