नारायणगढ़। खनौरी में हुई युवा किसान की मौत के चलते शुक्रवार को सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सीटू उप प्रधान रमेश नन्हेड़ा तथा टिकैत किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष चमन गुर्जर ने खनौरी बार्डर पर शहीद हुए किसान शुभकरण को कम्युनिटी हाल में श्रद्धांजलि दी। सीटू जिला सचिव सतीश सेठी ने कहा कि किसानों को काले कृषि कानूनों के विरोध में पहले भी आंदोलन करना पड़ा था। जिसके बाद सरकार को काले कानूनों को वापस लेना पड़ा और एमएसपी पर लिखित वायदा किया था लेकिन अभी तक उसे लागू नही किया है। इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ के राज्य नेता नेब सिंह, किसान सभा से कामरेड टेक चंद, किसान यूनियन टिकैत के नेता ऋषि पाल राणा, कुलदीप चौहान, एसकेएस के नेता अरुण कुमार , सफाई कर्मियों के नेता निर्मल सिंह ने किसान शुभकरण को श्रद्धांजलि अर्पित की।