अंबाला। सीआई ने बांद्रा से चंडीगढ़ जा रही ट्रेन से 16 किलो 150 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया है, हालांकि इस दौरान आरोपी पकड़ में नहीं आया। अंबाला कैंट जीआरपी ने थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीआई प्रभारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि रेलवे एसपी राजेश कालिया के निर्देश पर दो विशेष टीमों का गठन किया गया है जो ट्रेनों में संदिग्धों व शरारती तत्वों पर नजर रखे हुए है। इसी कड़ी में शुक्रवार शाम को करीब 6.25 बजे ट्रेन नंबर 22441 बांद्रा-चंडीगढ़ एक्सप्रेस प्लेटफार्म छह पर पहुंची तो टीम के सदस्यों ने ट्रेनों में चेकिंग शुरु कर दी। इस दौरान जनरल कोच में एक प्लास्टिक का बैग नजर आया। आसपास मौजूद यात्रियों से जब पूछताछ की गई तो कोई भी जवाब नहीं दे पाया। ट्रेन के चलते ही बैग को नीचे उतार लिया गया। जब जांच की गई तो इसके अंदर से 16 किलो 150 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।