अंबाला। पांच साल के बाद एक बार फिर छावनी नागरिक अस्पताल को एनक्वास (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्डस) की राष्ट्रीय स्तरीय टीम के सामने परीक्षा देनी होगी। 22, 23, 24 जुलाई को तीन दिन यह टीम अस्पताल में मरीजों को दी जाने वाले सुविधाओं का जायजा लेगी।
इस टीम में एमपी, उत्तराखंड व जम्मू कश्मीर के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हो सकते हैं।
बताया जाता है कि अभी तक अस्पताल को एनक्वास की राष्ट्रीय स्तर की टीम की तरफ से कोई ग्रेडिंग व ग्रांट नहीं मिली है। 2019 में भी टीम ने निरीक्षण किया था लेकिन दो विभागों के कारण अस्पताल ग्रेडिंग पाने से चूक गया था। एनक्वास की स्टेट असेसमेंट ठीक होने के बाद नेशनल टीम से निरीक्षण करवाने के लिए अस्पताल प्रबंधन की तरफ से अक्तूबर 2023 में आवेदन किया गया था।
इस बार अस्पताल प्रबंधन के लिए इमरजेंसी, आईपीडी, ओपीडी आदि का रिकॉर्ड पूरा करना सबसे बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि पिछली बार भी इसी अधूरे रिकॉर्ड की वजह से अस्पताल ग्रेडिंग में पिछड़ा था। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन अब अपनी सभी कमी-कमजोरियों को दुरुस्त करने में जुटा है।
इसी के तहत इमरजेंसी के बाहर बाकायदा अस्पताल का मैप लगाया गया है, ताकि मरीजों व तीमारदारों को सुविधा हो सके। इसके अलावा रंग-रोगन करवाया जा रहा है। अस्पताल में टूटे स्ट्रेचर, व्हील चेयर आदि को भी दुरुस्त करवाया जा रहा है। इसके अलावा अस्पताल में आने वाले मरीजों को जागरूक करने के लिए खराब हो चुके जागरूकता बोर्ड बदले हैं। प्रबंधन अस्पताल की सुविधाओं में सुधार करने में जुटी है ताकि एनक्वास टीम की तरफ से दी जाने वाले ग्रेडिंग को ओर बेहतर बनाया जा सके।
नर्सिंग ऑफिसर सवालों के प्रभावशाली जवाब देने को तैयार
एनक्वास की टीम इमरजेंसी, आईपीडी, ओपीडी ब्लॉक के अलावा ऑपरेशन थिएटर का भी जायजा लेगी। इसके अलावा अस्पताल के रिकॉर्ड पर टीम की नजर रहती है। किसी भी वार्ड में कोई मरीज आता है तो उसका रिकॉर्ड पूरा है कि नहीं। इसको लेकर सभी वार्डों में रिकॉर्ड पूरे किए जा रहे हैं। साथ ही स्टाफ को टीम के सवालों के प्रभावशाली जवाब देने के लिए तैयार किया जा रहा है ताकि कोई जानकारी मांगे तो सभी उसका जवाब दे सके।
एनक्वास की नेशनल लेवल की टीम निरीक्षण के लिए आ रही है। तीन दिन तक निरीक्षण चलेगा। उम्मीद है कि इस बार व्यवस्थाएं बेहतर रहेंगी और अस्पताल सभी मानकों पर खरा उतरेगा।
डॉ. लोकवीर सिंह, पीएमओ, छावनी नागरिक अस्पताल
संवाद