संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के पहले दिन अंबाला में सैकड़ों युवा ऑनलाइन रोल नंबरों के फेर में उलझ कर परीक्षा से वंचित रह गए। गुस्साए अभ्यर्थियों ने एचएसएससी चेयरमैन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। अभ्यर्थियों का कहना था कि रोल नंबरों के अनुसार पहले उनका सेंटर अंबाला के डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में था, लेकिन जब वे केंद्र पर पहुंचे तो यहां ताला लगा था। इसके बाद अभ्यर्थी पास में ही डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल रिवरसाइड पहुंच गए। यहां से उन्हें वापस डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल भेजा गया। इसके बाद जब आनलाइन उन्होंने दोबारा अपने रोल नंबर चेक किए तो सेंटर कहीं और मिला। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंचे डीएसपी ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया, लेकिन अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रह गए।
रेवाड़ी, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम आदि जगहों से पहुंचे अभ्यर्थियों के अनुसार, परीक्षा से पहले हरियाणा स्टॉफ सिलेक्शन कमिशन की वेबसाइट से उन्होंनेे ऑनलाइन रोल नंबर यानी एडमिट कार्ड निकाले थे। उस एडमिट कार्ड पर अभ्यर्थी और सेंटर की जानकारी अंकित थी। निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए वे शनिवार की अलसुबह ही घरों से निकल गए थे। वहीं डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल रिवरसाइड पहुंचने पर जब यहां ताला लटका मिला तो अभ्यर्थियों ने दोबारा वेबसाइट से रोल नंबर चेक किए तो उसमें बदलाव मिला। बताया जा रहा है कि ऑनलाइन सिस्टम पर आखिरी समय में सेंटर में बदलाव किया गया, जिसका खामियाजा सैकड़ों अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ा।
इससे नाराज अभ्यर्थियों ने स्कूल के बाहर ही जमकर रोष जताया। मौके पर अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के नेता भी पहुंच गए और अभ्यर्थियों का समर्थन किया। मामला बिगड़ते देखकर डीएसपी रामकुमार मौके पर पहुंचे और अभ्यर्थियों की बात को सुना और आलाधिकारियों के संज्ञान में मामला डालते हुए तकनीकी खराबी बताकर उन्हें शांत करवाया। करीब डेढ़ घंटे के बाद अभ्यर्थी निराश होकर वापस लौट गए।
इस मामले को लेकर एचएसएससी ही निर्णय लेगी। यह हमारे लेवल का मामला नहीं है। इस संबंध में उनकी तरफ से जो भी निर्णय लिया जाएगा वो बता दिया जाएगा।
- डॉ. प्रियंका, उपायुक्त अंबाला