संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। पुलिस ने साइबर ठगी करने के आरोपी शातिर ठग दिलावर निवासी गांव देवसेरस थाना गोवर्धन जिला मथुरा यूपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी का तीन दिन का रिमांड प्राप्त किया।
इस मामले में महिला ने 21 सितंबर को थाना अंबाला शहर में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में महिला ने बताया था कि 20 सितंबर को सराफा बाजार अंबाला शहर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने बीमा पालिसी प्रीमियम अदा करने के नाम पर उसके बैंक खाते से एक लाख रुपया निकाल लिया है। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पीड़ित महिला ने तुरंत साइबर हेल्प लाईन नंबर 1930 पर कॉल किया और नाम, मोबाइल नंबर, ई-मेल आदि संबंधित जानकारी द,ी जिससे रुपये फ्रीज होकर निश्चित अवधि उपरांत वापस बैंक खाता में आ गए।
पुलिस के अनुसार शातिर ठग ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह फोन-पे पर जाकर मोबाइल नंबर सर्च कर जानकारी इक्टठा कर लेते हैं और उस नंबर पर फोन करके उसे उसके नाम से बुलाते हैं। उसका रिश्तेदार या जान पहचान वाला बन जाते हैं और पहचान करने के लिए भी उसी को बोलते हैं कि आप कोशिश करों कि मैं कौन बोल रहा हूं।
कुछ व्यक्ति तो हमारा फोन काट देते हैं और कुछ हमारी बातों में आ जाते है। जब वह व्यक्ति हमारी बातों में आ जाता है और वह पहचानने की कोशिश करते हुए किसी व्यक्ति का नाम लेता है तो हम बोलते हैं कि हां वहीं बोल रहा है। मेरे को आपसे खास बात करनी थी कि मैं आपके बैंक खाता में कुछ रुपये डाल रहा हूं यदि आपको आवश्यकता हो तो आप इस राशि को इस्तेमाल कर लेना और मुझे जब जरूरत होगी तो मैं आपसे ले लूंगा।
उस व्यक्ति का बैंक खाता नंबर लेने के बाद हम टाटा न्यू एप व टाटा क्लिक एप के माध्यम से उसमें राशि भरते हैं और उस व्यक्ति को बोलते हैं कि यह राशि आपके खाते में आ रही है। आप इसको ओके करके रिसीव कर लो। जैसे ही वह व्यक्ति ओके पर क्लिक करता है तो उसके बैंक खाता से रुपये हमारे बैंक खाता में आ जाते हैं। इसके अतिरिक्त किसी की प्रीमियम राशि या अन्य लेनदेन से संबंधित राशि का पता लगाकर हम उसको फोन करते हैं कि आपकी यह राशि आपके बैंक खाता में डालनी है अपना खाता नंबर दीजिए। बैंक खाता लेकर उसे ओके करने के लिए बोलते हैं तो उसके ओके करते ही रुपये कट जाते हैं।