अंबाला सिटी। मानव चौक के पास हिसार रोड पर चोरों ने मंगलवार रात एक बेकरी और एक क्लिनिक के ताले/शटर तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया। मिलाप नगर निवासी साहिल पाहवा की हिसार रोड पर सोनूज सिप एन बाइट नाम से बेकरी है। शिकायत के मुताबिक, 14 अक्तूबर की रात करीब 12:39 बजे अज्ञात चोर पिछला शटर उठाकर दुकान में घुसे और गल्ले से 8 से 9 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। इसी रात उसी तरफ कुछ ही दूरी पर स्थित डॉ. सुबोध मार्केंडे के क्लिनिक को भी निशाना बनाया गया। चोर वहां से एक सैमसंग एफ-54 स्मार्टफोन (कीमत करीब 15,000 रुपये) और लगभग 13,000 रुपये नकदी चुराकर फरार हो गए। सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी नंबर 5 के एएसआई रणदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चोरी की धारा 305 के प्राथमिकी दर्ज कर फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। संवाद