अंबाला सिटी। बलदेव नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मनमोहन नगर (खुरमपुर माजरी) इलाके में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए कुंडा तोड़कर नकदी, चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन पर चोरी कर लिए। मनमोहन नगर निवासी सुषमा रानी ने बताया कि वो मेहनत-मजदूरी का कार्य करती हैं। 18 नवंबर को दोपहर करीब 11 बजे वह घर पर ताला लगाकर साथ लगते खेतों में मजदूरी करने गई थीं। जब वह दोपहर करीब 3 बजे लौटीं, तो उनके कमरे के दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर सारा सामान बिखरा हुआ मिला और ट्रंक का ताला खुला हुआ था। चोर घर से कुछ नकदी, चांदी की दो जोड़ी पायल, डेढ़ तोला वजनी चांदी की चेन और सैमसंग कंपनी का ग्रे रंग का एक मोबाइल फोन चोरी करके ले गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद