अंबाला। गांव कक्कड़ माजरा के निकट यमुनानगर-पंचकूला हाईवे को पैदल पार कर रहे मजदूर मिंटू को कार ने कुचल दिया। लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां मिंटू ने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि मिंटू अपने दो अन्य दोस्तों के साथ परचून की दुकान पर सामान लेने के हाईवे पार कर रहा था। तभी हादसा हो गया। पुलिस को दी शिकायत में कक्कड़माजरा निवासी जितेंद्र माझी ने बताया कि वह ईंट भट्ठे पर काम करते हैं।
25 जुलाई को बिहार के जयंतनगर कोच्गावन निवासी अजय, मिंटू और वह रात के समय गांव कक्कड़ माजरा मार्केट में यमुनानगर पंचकुला हाईवे पार करके परचून का सामान खरीदने के लिए गये थे। जैसे ही हम सामान खरीद करके वापस आने के लिए सड़क पार करने लगे तो एकदम से गांव बागवाली की तरफ से एक चालक अपनी कार को तेज रफ्तार में लाया और मिंटू को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि मिंटू को कार चालक काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद कार चालक को मौके से फरार हो गया लेकिन मिंटू गंभीर रूप से चोटिल हो गया और पेट से आंतें तक बाहर आ गई थी। प्राथमिक उपचार के लिए लोग नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने मिंटू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।