अंबाला सिटी से अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए बस में रवाना होते कार सेवक।
अंबाला सिटी। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के समय कारसेवा में अपने प्राणों, नोकरी, कारोबार एवं परिजनों की परवाह न करते हुए सम्मलित हुए कारसेवकों को मंगलवार को अपने परिवारों के साथ दर्शन के लिए अयोध्या भेजा।
विश्व हिंदू परिषद-धर्मप्रसार की ओर से आयोजित इस अयोध्या एवं काशी प्रवास की बस को रेलवे रोड से धर्म प्रसार के रजनीश राणा, विहिप के जिला सह मंत्री राजेश बंसल, कोषाध्यक्ष सजंय, सुशांत अग्रवाल, रोहित इत्यादि ने विदाई दी। इस दौरान वरिष्ठ कारसेवकों को फूल माला पहनाकर उनका सत्कार किया गया। विश्व हिन्दू परिषद (धर्म प्रसार) अपने तीर्थ दर्शन अभियान के अंतर्गत इन कारसेवा में गए कार्यकर्ताओं को परिवार सहित अयोध्या श्रीराम लला के दर्शन करवा रहा है।
अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से ही रेल के माध्यम से कई परिवारों को अयोध्या प्रवास एवं दर्शन करवाया जा चुका है। इस बस के माध्यम से लगभग 60 लोग अयोध्या एवं काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए रवाना हुए। दिनेश बंसल ने कहा कि वे आगे भी यह दर्शन अभियान जारी रखेंगे। यात्रा पर जाने वाले कारसेवकों में उत्साह एवं भावुकता देखी गई। कई कारसेवकों का कहना था कि उन्होंने कारसेवा के समय जो माहौल देखा था। उसके बाद से ये उम्मीद बेहद कम थी कि वे अपने प्रभु को मंदिर में स्थापित होते देख पाएंगे।
अयोध्या एवं काशी विश्वनाथ दर्शन के बाद 4 मई को यात्रा पूर्ण कर कारसेवक वापस अंबाला आएंगे। यात्रा में शामिल कारसेवकों में चौधरी राम अरोड़ा प्रेमलाल शर्मा, शांता अरोड़ा, कृष्णलाल धीमान, प्रेम अग्रवाल, उमा शर्मा, नीना धीमान, ज्योति, रामनाथ शर्मा इत्यादि प्रमुख हैं।