संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बर्तनों के लिए दो भाई भिड़ गए। एक ने दूसरे भाई के सिर में कड़ा मारकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घायल युवक और दूसरे भाई को इलाज के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल में भेजा। जहां से आरोपी फरार हो गया।
छावनी के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन घायल सोनू ने बताया कि वह बिहार के गोपालगंज गांव खजबट्टी का निवासी है। वह एक महीने पहले अपनी बुआ के लड़के मंजीत के साथ पटियाला में काम करने के लिए गया था। रविवार को वह दोनों भाई पटियाल से बर्तन लेकर बिहार अपने घर जा रहे थे। जब वह छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचे तो उसके भाई ने कहा कि वह बर्तन अपने पास रखेगा, लेकिन उसने कहा कि वह बर्तन उसके पास रहेंगे।
इसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया और मंजीत ने कड़े से सोनू पर हमला कर दिया और इस हमले में वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। यह देख पुलिस ने दोनों भाइयों को अलग कराया। इसके बाद पुलिस ने ई-रिक्शा मंगवाई और उसमें दोनों को बैठाया और इलाज के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल में भेज दिया। जहां पर डाक्टर ने घायल सोनू का उपचार किया। वहीं आरोपी मंजीत वहां से फरार हो गया।