अंबाला। बीडी फ्लोर मिल के पास टूटी सड़क स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सीवरेज पाइप डालने के बाद लगभग एक महीने तक सड़क का निर्माण नहीं किया गया। उबड़-खाबड़ सड़क के कारण कई वाहन चालक चोटिल हो गए। अब बारिश में ही सड़क को पक्का करने की कोशिश की गई तो सीमेंट और कंक्रीट का मिश्रण खराब हो गया। यह वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है।
सुबह और शाम को जब बच्चे स्कूल और नौकरी पेशा लोग काम पर जाते हैं तो यहां जाम की स्थिति बन जाती है। जल्दबाजी के कारण वाहन चालक आपस में उलझ जाते हैं। दूसरी सबसे बड़ी परेशानी सड़क पर बन रहे चौक को लेकर है। चौक के निर्माण से सड़क का दायरा काफी कम रह गया है, क्योंकि जिस जगह चौक का निर्माण किया जा रहा है, उसके आसपास काफी अतिक्रमण है, जिसे हटाना बेहद जरूरी है। अन्यथा आने वाले समय में यह चौक हादसों का कारण बन जाएगा।
समाधान कराए परिषद
एक माह तक सड़क टूट रही। बारिश के अंदर ही सड़क का निर्माण शुरू कर दिया जो अब वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। अब तो सड़क पैदल चलने के लायक भी नहीं है। नगर परिषद को इसका समाधान करवाना चाहिए। -अमरजीत सिंह।
अतिक्रमण हटाया जाए
बीडी फ्लोर मिल के पास सड़क पर चौक का निर्माण किया जा रहा है। चौक के निर्माण से रास्ता तंग हो जाएगा और भारी वाहन जैसे ट्रक व ट्राली आदि नहीं जा पाएंगे। अगर आसपास के अतिक्रमण को हटाया जाता है तो फिर कोई परेशानी नहीं होगी। -अशोक कुमार।