खंड स्तरीय अंडर-19 लड़कों में क्रिकेट का सेमीफाइनल मुकाबले खेलते हुए खिलाड़ी।
अंबाला सिटी। बारिश के कारण खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता रद हो गई थी। अब अंबाला खंड वन अंडर-19 लड़कों के क्रिकेट मुकाबले का फाइनल वीरवार को खेला जाएगा। यह मुकाबला पीकेआर जैन वाटिका स्कूल में होगा। जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल प्रेम नगर व पीकेआर पब्लिक स्कूल की टीम आमने-सामने होंगी।
मंगलवार को चार टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले करवाए गए थे। पहला सेमीफाइनल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल प्रेम नगर और द स्काॅलर स्कूल के बीच हुआ। जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल प्रेम नगर ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। इसी तरह दूसरा सेमीफाइनल पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल व पीकेआर पब्लिक स्कूल के बीच हुआ। इस मुकाबले में पीकेआर पब्लिक स्कूल जीता।
अंडर-14, 17 व अंडर-19 की जिला स्तरीय लड़कियों की प्रतियोगिताएं भी वीरवार से शुरू होंगी। यह प्रतियोगिता एक सितंबर तक चलेंगी। प्रतियोगिता के लिए लगाए गए जिला सचिव पीटीआई मोनिका शर्मा ने बताया कि पहले दिन वॉलीबॉल, बॉस्केट बॉल, क्रिकेट, जिम्नास्टिक समेत अन्य खेल करवाए जाएंगे। इसके लिए जिले में अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। इसी तरह शुक्रवार को एथलेक्टिस गेम्स करवाए जाएंगे। जिसमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, लांग जंप, हाई जंप, डिस्कस थ्रो, शॉर्टपुट सहित अन्य मुकाबले होंगे।