अंबाला। मटहेड़ी जट्टान गांव में जमीन विवाद पर दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में करीब चार को चोंटें आई हैं। पुलिस ने दोनों गुटो की शिकायत पर आठ पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने जतिंद्र सिंह की शिकायत पर अमनदीप सिंह, हरिंद्र सिंह, बंटी, जरनैल सिंह पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं दूसरे पक्ष के शिकायतकर्ता बलबीर के बयानों पर कार्रवाई करते हुए अवतार सिंह, तेजिंद्र सिंह, हरिंद्र सिंह और बलजिंद्र सिंह पर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में मट्टेड़ी जट्टान गांव निवासी जतिंद्र सिंह ने बताया कि 11 मई को वह अपने पिता अवतार सिंह के साथ खेतों में बरसीन काट रहे थे। खेतों के साथ लगते ताऊ के लड़के हरिंद्र सिंह के खेत भी ठेके पर लिए हुए हैं। मटेड़ी जट्टान निवासी अमनदीप सिंह ने ट्रैक्टर ट्राॅली को लेकर हरिंद्र सिंह के खेतों में चरी बिजाई की हुई थी, जिसमें पानी लगाया हुआ था। वह अपने ट्रैक्टर ट्राली को निकालकर चरी की बिजाई को खराब करता हुआ बलबीर सिंह के खेतों में जा रहा था।
बाद में आरोपियों ने उससे मारपीट की। उधर, दूसरे पक्ष से बलबीर ने बताया कि वह अपने खेत से तूड़ी बनवा रहा था। दोस्त अमनदीप को तूड़ी की ट्राली लेने के भेज दिया। तभी आरोपियों ने दोस्त अमनदीप से अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। तभी आरोपियों ने डंडे से हमला कर दिया। जैसे ही अमनदीप ट्यूबवेल वाले कमरे में छिप गया तो आरोपियों ने बाहर से पथराव कर दिया। बचाने के लिए भागा तो उस पर भी हमला कर दिया।