अंबाला। थम्बड़ गांव के निकट टिप्पर ने बाइक सवार दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। महिला के सड़क पर गिरते से टिप्पर का टायर बाजू के ऊपर से गुजर गया। यमुनानगर के बसंतपुरा गांव निवासी रामपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। चार नवंबर को वह पत्नी रानी देवी के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव से रिश्तेदारी इस्माइलाबाद जिला कुरुक्षेत्र जा रहे थे।
महमुदपुर गांव से थम्बड रोड के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार एक टिप्पर ने साइड मार दी। टक्कर लगते ही वह दोनों अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए। पत्नी संभल पाती कि टिप्पर का टायर दाहिनी बाजू पर चढ़ गया। टिप्पर को साइड में खड़ा कर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से पत्नी रानी देवी को मुलाना एमएमयू अस्पताल ले जाया गया, जहां से सेक्टर-21 पंचकूला रेफर कर दिया। हादसे में पत्नी की दाहिनी बाजू में फ्रेक्चर व अन्य चोटें आई हैं।