अंबाला। अंबाला-हिसार हाईवे स्थित देवी नगर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने दो लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह वारदात शुक्रवार देरशाम को हुई। शातिर बदमाशों ने पहले कपड़ा कारोबारी का पीछा करते हुए उसकी कार पर साइड वाली खिड़की पर हथियार से हमला कर दिया। इतने में वह कुछ समझ पाता कि बदमाशों ने कार के आगे बाइक खड़ी कर दी और कपड़ा कारोबारी को बाहर निकाला। विरोध करने के बाद उसके हाथ से दो लाख रुपये की नकदी वाला बैग लेकर मारपीट की और कार की चाबी भी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट की धारा के साथ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंजाब के राजपुरा टाउन निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि वह रेडीमेड गारमेंट्स का काम करता है। शुक्रवार को वह अपने काम के सिलसिले में लालडू गया था। उसके साथ ड्राइवर रिषु था। शुक्रवार देर शाम को जैसे ही वे अंबाला-हिसार हाईवे पर स्थित गांव देवी नगर टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार दो युवक आए। बाइक सवार बदमाशों ने पहले ड्राइवर को गाड़ी से बाहर खींचा और मारपीट शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट की। बदमाशों ने दो लाख की नकदी से भरा बैग लूट लिया। उसने परिजनों को सूचित किया और उसके बाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी सदर थाना एसआई रमेश कुमार ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ छीनाझपटी व लूट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाके के सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है। संवाद