नारायणगढ़। पिडिलाईट कंपनी से ड्यूटी कर घर लौट रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ज्योली गांव निवासी प्रवीन कुमार काला आम्ब स्थित पिडिलाईट कंपनी में कार्यरत है। 9 अक्तूबर की दोपहर 3:24 बजे ड्यूटी के बाद मोटरसाइकिल से घर लौटते समय शाहपुर गांव के पुल के पास पीछे से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रवीन के चेहरे, बाईं आंख और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उसे पहले भूषण अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे गुप्ता नर्सिंग होम और फिर एमएम अस्पताल मुलाना में भर्ती कराया गया। 13 अक्तूबर को स्वास्थ्य में सुधार के बाद पुलिस ने मुलाना अस्पताल पहुंचकर प्रवीन का बयान दर्ज किया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी सुबह सिंह ने बताया कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है। संवाद