अंबाला। दिवाली से पूर्व सामान की खरीदारी करने बाजार जा रहे मनोहर गांव निवासी गंगा सागर को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। यह हादसा चोड़मस्तपुर के पास हुआ।
बिहार के मनोहर गांव निवासी विशाल कुमार ने बताया कि गंगा सागर उसके साथ चोड़मस्तपुर स्थित एक निजी कंपनी में मजदूरी करता था। गंगा सागर उनके साथी बिहार के बीसी खुर्द निवासी ज्योति साह और विकास कुमार के साथ दिवाली का सामान लेने के लिए चोड़मस्तपुर सड़क पर पैदल जा रहे थे। इसी बीच, चोड़मस्तपुर की तरफ से तेज रफ्तार एक बाइक आई, जिसने उसे सीधी टक्कर मार दी। बाइक पर तीन युवक सवार थे। युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। हादसे में गंगा सागर के सिर में गहरी चोटें आई थी। खून से लथपथ हालत में उपचार के लिए छावनी चोड़मस्तपुर सीएचसी लेकर पहुंचे।
वहां से उसे शहर नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। गंगा राम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इलाका पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में नग्गल थाना पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ धारा केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।