नारायणगढ़। नारायणगढ़-रायपुररानी मार्ग स्थित लाहा गांव के निकट सड़क पर खड़े एक टिप्पर से मोटरसाइकिल टकरा गई। इस हादसे में एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के परिजन मंदीप सिंह निवासी हंगोला गांव (रायपुररानी) ने कहा है कि उसका भतीजा कमलजीत शहजादपुर के न्यू हेयर मास्टर सैलून में काम करता था। तीन अक्तूबर को वह अपने भतीजे कमलजीत के साथ कालाआंब के निकट त्रिलोकपुर देवी मंदिर में माथा टेकने गए थे।
रात को वापसी में 11 बज गए। वह और उसका भतीजा शहजादपुर स्थित उक्त सैलून पर सो गए। मंगलवार अल सुबह दोनों अपने-अपने मोटरसाइकिल पर हंगोला गांव की ओर जा रहे थे। इस दौरान लाहा गांव के निकट सड़क पर एक टिप्पर खड़ा था। उसका कोई भी इंडीकेटर नहीं जल रहा था। अंधेरा होने के कारण वह टिप्पर नजर नहीं आया और बाइक पीछे से टकरा गई। उसका भतीजा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना को अंजाम देने के उपरांत टिप्पर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।