बब्याल की जंगला गली में मामूली विवाद को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कई लोगों को चोटें आई। पुलिस ने हमला करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में जय गोपाल वर्मा ने बताया कि वह घर पर ही सिलाई का काम करता है। उसके घर के सामने ही मोहल्ले के कुछ लोगों ने लॉकडाउन की वजह से थ्री-व्हीलर खड़े किए हुए हैं। शनिवार को इन थ्री-व्हीलर में बैठकर कुछ युवक कोई नशीली दवा पी रहे थे। तब उनके पड़ोसी हैप्पी ने उन युवकों को यहां बैठने से मना कर दिया था। जय गोपाल ने बताया कि रविवार को जब हैप्पी अपने घर से बाहर जाने के लिए निकला तभी सचिन, प्रदीप, अमित, मुकेश, नोनी व कैप्टन ने उस पर लोहे की पाइप व डंडों से हमला कर दिया। लेकिन तभी हैप्पी दौड़कर उनके घर में घुस गया। परिवादी का आरोप है कि इसके बाद हमलावर भी उनके घर में घुस आए। तब आरोपी प्रदीप व अमित ने उसके साथ बेटे पर भी हमला कर दिया। मुश्किल से वे आरोपियों के वार से बच पाए। इसके बाद आरोपियों ने जयगोपाल की पत्नी प्रोमिला पर भी डंडों से वार किया। साथ ही मुकेश ने थप्पड़ मुक्कों से वार किए। इस दौरान उसकी पत्नी के कपड़े फट गए। जयगोपाल ने बताया कि ने बताया कि शोर सुनकर नवीन कुमार उसे छुड़ाने के लिए आया था। मगर आरोपियों ने उस पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। कैप्टन सिंह ने लात घूसों से वार करने के बाद दुकान में घुसकर उसकी सिलाई मशीन को गिरा दिया। ईंट पत्थरों से भी आरोपियों ने उन पर हमला किया। शोर सुनकर मौके पर जमा हुए दूसरे लोगों को देखकर सभी आरोपी धमकाते हुए वहां से फरार हो गए।