कालपी एयरफोर्स स्टेशन व बस स्टैंड के बीच रास्ते पर कुछ युवकों ने बैंक कर्मी को रोककर उससे मारपीट की और उसे कोर्ट में चल रहे केस को वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों पर सवार थे। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामपुर निवासी प्रमोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोमवार सुबह सवा नौ बजे अपने काम के लिए घर से निकला। लेकिन कालपी एयरफोर्स स्टेशन व कालपी बस स्टैंड के बीच रास्ते में झाड़ियों में छिपे छह युवक अचानक उसके सामने आ गए और रूकने का इशारा करने लगे। शिकायत के अनुसार जैसे ही प्रमोद कुमार रूका तो अन्य आदमी आकर उसे पीटने लगे। शिकायत के अनुसार उनमें से एक युवक ने उसे अशोक के साथ कोर्ट में विचाराधीन केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी। रास्ते पर राहगीरों को आता देख वो बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-----------------