10 व्यक्तियों के समन लेकर चंडीगढ़ जा रहे प्रवर्तन अधिकारी का ट्रेन में बैग चोरी हो गया। छावनी जीआरपी थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जयपुर के जोनल प्रवर्तन निदेशालय में तैनात अधिकारी पवन कुमार यादव ने बताया कि 29 अक्तूबर को वह ट्रेन नंबर 09717 जयपुर-दौलतपुर इंटरसिटी में सफर कर रहे थे। उन्हें जयपुर से चंडीगढ़ जाना था। 30 अक्तूबर सुबह 6.47 बजे नींद से जागे तो बैग गायब था। इस दौरान ट्रेन अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से निकल रही थी। पवन ने यह भी बताया कि सुबह 5.30 बजे से लेकर 6 बजे तक उनका बैग उनके पास ही रखा था। बैग में विभागीय आईडी कार्ड, नाम की मोहर, वर्ष 2002 के तहत जारी किए गए 10 व्यक्तियों के समन, भूरे रंग का वॉलेट, दो क्रेडिट कार्ड, 2 हजार रुपये, एक नोट बुक डायरी, एक पेन ड्राइव और 2 जोड़ी कपड़े थे।