अंबाला। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे स्थित प्रताप फैक्ट्री मोहड़ा के पास एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने सड़क पार कर रहे प्रवासी मजदूर को अपनी चपेट में ले लिया। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि टक्कर लगने के बाद कार चालक कुछ दूरी तक मजदूर को घसीटता हुआ ले गया।
पता लगने पर कार रोकी और फिर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान बिहार के जिला समस्तीपुर गांव तेतरपुर निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने छावनी नागरिक अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद थाना पड़ाव पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में बिहार निवासी अंजेश कुमार ने बताया कि वह प्रताप फैक्ट्री मोहड़ा में नौकरी करता है। रविवार रात को वह अपने भाई नीतीश कुमार के साथ अंबाला छावनी निजी काम से जा रहे थे। दोनों मोहड़ा फ्लाईओवर के पास व्हीकल के इंतजार कर रहे थे। इसी बीच शाहाबाद की तरफ से चंडीगढ़ नंबर की तेज रफ्तार ऑडी कार आई। लापरवाह गाड़ी चालक ने उसके भाई को सीधी टक्कर मारी और काफी दूर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। जब उसने अपने भाई के पास जाकर देखा तो उसके भाई की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी।