अंबाला सिटी। अंबाला शहर के बलदेव नगर में वीरवार रात्रि करीब साढ़े 11 बजे मुख्य मार्केट में कुछ युवकों ने एक चिकन शॉप में काम कर रहे वर्करों पर हमला बोल दिया। जिसमें शॉप पर कार्य करने वाले दो वर्करों के सिर में गंभीर चोटें आई।
अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन हुकम सिंह व देव सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से नेपाल क्षेत्र के निवासी हैं। अंबाला सिटी के बलदेव नगर में चिकन शॉप की दुकान पर काफी समय से काम कर रहे हैं। गत रात्रि साढ़े ग्यारह बजे कुछ युवकों ने किसी बात को लेकर अचानक उन पर हमला कर दिया। उन्होंने गाली गाली गलौज करते हुए दुकान पर पड़े बड़े पलटे व अन्य सामान उठाकर उनके सिर पर प्रहार कर दिया।
घायलों के मुताबिक हमलावरों से उनकी कोई कहासुनी नहीं हुई थी, फिर भी उन्होंने कारिंदों पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों वर्करों को गंभीर चोटें आई। आस-पड़ोस के लोगों ने उनको तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पर वह उपचाराधीन हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई है पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।