संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। किसान आंदोलन के चलते अधिकारियों की शंभू बॉर्डर डयूटी लगने के कारण और इंटरनेट बंद होने से रजिस्ट्री के लिए ओटीपी नहीं आने से काम बंद हैं।
लोगों के शादी पंजीकरण, रजिस्ट्री, जाति, मूल निवास प्रमाण पत्र और पटवारियों से संबंधित काम प्रभावित हो रहे हैं। इस कारण तहसील में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, और उनके काम समय पर नहीं हो रहे हैं। इंटरनेट बंद होने के कारण ऑनलाइन सेवाओं पर इसका असर दिखना शुरू हो गया है। अधिकतर ऑनलाइन सेवाएं ठप हैं। इस कारण नुकसान हो रहा है।
तहसील में रजिस्ट्री कराने के लिए आने वाले लोगों की समय पर रजिस्ट्री नहीं हो रही है। रजिस्ट्री के लिए उन्हें स्टांप पेपर तक खरीदने में परेशानी हो रही है, क्योंकि स्टांप पेपर खरीदने के समय ओटीपी की जरूरत हैं। इंटरनेट बंद होने के कारण मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहा है। इसके बाद रजिस्ट्री कराने के लिए आवेदन की भी जरूरत है। इस पर भी ओटीपी नहीं आ रहा है। अंत में फीस कटवाने के लिए ओटीपी की जरूरत होती है, लेकिन इंटरनेट बंद होने के चलते फीस भी नहीं कट रही है।
इंटरनेट बंद होने के कारण लोगों को स्टाम्प खरीदने, अपॉइंटमेंट और फीस कटवाने में दिक्कत आ रही है क्योंकि उनके मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहे हैं।
यशवंत, नायब तहसीलदार, अंबाला छावनी।