अंबाला। पिता की डांट से नाराज होकर जनपद में रहने वाला 13 वर्षीय किशोर ट्रेन में बैठकर अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया। यहां किशोर को आरपीएफ ने संरक्षण में लेकर जिला युवा विकास संगठन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही कार्यक्रम समन्वयक अजय तिवारी एवं सदस्य हाकम सिंह तुरंत आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और किशोर से बातचीत की। उसने अपने घर की जानकारी तो दी, लेकिन मोबाइल नंबर नहीं बता सका, इसके बाद जीआरपी थाने में डीडीआर कटवाई गई और उसका मेडिकल कराया गया। इसके बाद किशोर द्वारा दी गई जानकारी पर संबंधित जनपद की पुलिस से संपर्क किया गया। कुछ समय बाद उसके परिजनों से बात हुई तो उन्होंने बताया कि उनका बेटा शनिवार से गायब है और इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई हुई है। किशोर ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था और यहां मामूली कहासुनी के बाद लड़ाई हो गई। इस दौरान एक बच्चे के हाथ में चोट लगने से खून निकल गया तो पिता ने उसे डांट दिया, इससे वह नाराज होकर स्टेशन पहुंच गया और ट्रेन में बैठ गया था।