जलबेहड़ा के अधीन आनंदपुर ग्राम पंचायत द्वारा कुएं के ऊपर लगाया गया फव्वारा। संवाद
जलबेड़ा। आनंदपुर ग्राम पंचायत ने प्राचीन धरोहर कुओं का जीर्णोद्धार करना शुरू कर दिया है। इसके चलते सरपंच प्रतिनिधि गुरचरण सिंह ने गांव के लोगों से बातचीत कर खंडहर बने कुएं को एक भव्य रूप दिया है, वहीं उन्होंने इस कुएं के ऊपर फव्वारे भी लगवा दिए हैं। जब शाम के समय फव्वारे चलते हैं तो यह काफी आकर्षक लगते हैं और इन्हें देखने के लिए दूसरे गांव से भी लोग जुट रहे हैं। गुरचरण सिंह ने बताया, इससे कुएं का पानी भी शुद्ध रहेगा तथा यह हमेशा गांव की सुंदरता का प्रतीक भी बना रहेगा और इससे वह अपनी भावी पीढ़ी के बच्चों को बता सकेंगे कि एक समय था जब नलकूपों की बजाय कुओं से सभी की दिनचर्या शुरू होती थी और समाप्त भी, यानि कुएं का पानी ही खाने-पीने तथा पशुओं आदि के लिए प्रयोग में लाया जाता था। उन्होंने उम्मीद जताई कि गांव के लोग सदा इसका रख-रखाव करेंगे।