साहा के दिनारपुर गांव में मृत भेड़ों को देखते परिवारिक सदस्य व ग्रामीण। संवाद
साहा। खंड के दिनारपुर गांव में बीती रात अज्ञात जानवर ने दो पशुपालकों की दर्जनों भेड़ों को नोच लिया इससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि और साहा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच की। दिनारपुर निवासी संदीप और गुरसेवक ने बताया कि दोनों के पास 100 भेड़ें थीं, इनमें से कुछ भेड़ें वह कुछ दिन पहले ही लेकर आए थे। उन्होंने भेड़ों को खरीदने के लिए कर्ज लिया था। दोनों एक ही बाड़े में अपनी भेड़ें रखते थे। शुक्रवार रात को वह सभी भेड़ों को बाड़े में ठीक से बंद करके गए थे। रात करीब 12 बजे वह भेड़ों को देखने गए थे, उस समय सभी भेड़ें ठीक थीं। सुबह करीब साढ़े 5 बजे जब वह बाड़े में पहुंचा तो देखा कि भेड़ें बिखरी पड़ी थी। कुछ बच्चों के सिर बिखरे पड़े थे। गेट खोलकर अंदर देखा तो भेड़ों को नोचा गया था। उन्होंने बताया कि करीब 40 भेड़ों की मौत हो चुकी थी। भेड़ों की मौत से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सरपंच प्रतिनिधि राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ितों ने पुलिस को भी सूचित किया। थाना प्रभारी कर्मवीर सैनी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ितों ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि उनकी आमदनी का कोई अन्य जरिया नहीं है और यह कमी वह कैसे पूरी करेंगे। उन्होंने मांग की कि उन्हें मुआवजा दिया जाए। साहा थाना प्रभारी ने कहा कि वह मौके पर गए थे और जांच चल रही है। पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पता नहीं चला कि किस जानवर ने भेड़ों को नोचा है।