संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 13 से 16 अक्तूबर को इंडिया में पहली बार आयोजित होने वाली इंटरनेशनल मुए थाई जज व रेफरी सेमीनार में अंबाला के दीपक पारचे का चयन हुआ है। दीपक मुएथाई खेल संघ हरियाणा के जज एवं रेफरी है। चयनित हुए रेफरी दीपक को मुएथाई खेल संघ अंबाला के अध्यक्ष दीपक राणा ने खेल किट देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह इंटरनेशनल सेमीनार भारत में पहली बार यूनाइटेड मुए थाई एसोसिएशन इंडिया व इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ मुए थाई एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा, इसमें एसोसिएशन के महासचिव मेरविन तान व दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ग्रैंड मास्टर्स ट्रेनर शामिल होकर मुए थाई खेल की तकनीकी जानकारी और खेल की बारीकियों के बारे में अवगत करवाएंगे। दीपक राणा ने बताया कि यह खेल अंतरराष्ट्रीय व एशियन ओलंपिक समिति से मान्यता प्राप्त खेल हैं जो मार्शल आर्ट खेल व शक्तिशाली खेल होने के कारण हरियाणा में युवाओं को बहुत पसंद आ रहा है।