अंबाला। अंबाला की बहू डॉ. प्रियंका गुलाटी ने अमेरिका में मिसेज यूनिवर्स का खिताब हासिल किया है। पेशे से होम्योपैथिक डॉक्टर अब नौ अक्तूबर को फिलीपींस में होने वाली मिसेज वर्ल्ड प्रतियोगिता में उतरेंगी। इससे पहले भी प्रियंका 2014 में मिसेज सैटल क्वीन बनी थी। उधर, मिसेज वर्ल्ड को लेकर प्रियंका के घर में खुशी का माहौल है।
प्रियंका की सास शशी गुलाटी व ससुर धर्मपाल गुलाटी को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि बहू को पहले से ही मॉडलिंग का शौक था। अमेरिका में वैसे तो वह रियल एस्टेट का कारोबार करती हैं, लेकिन शौकिया तौर पर मॉडलिंग भी करती हैं। परिजनों का कहना है कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि कोई भारत की लड़की ने वहां रहते हुए यह मुकाम हासिल किया है।
छावनी के एकता विहार निवासी शशी गुलाटी ने बताया कि शादी के बाद प्रियंका के पास एक बेटा और एक बेटी है। बेटी 13 वर्षीय सुहानी और बेटा नौ वर्षीय अरमान। पति गगन गुलाटी आईटी कंपनी में काम करता है।
बीएसएनएल से डिप्टी जीएम रिटायर्ड व रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर ससुर धर्मपाल गुलाटी ने बताया कि डॉ. प्रियंका मूलरूप से पंचकूला के सेक्टर-8 की रहने वाली है। उसकी शादी बेटे गगन गुलाटी के साथ 2006 में हुई थी। शादी के एक साल बाद बेटा परिवार सहित अमेरिका में शिफ्ट हो गया था। अमेरिका में ही वह पीआर है। हालांकि प्रियंका ने इंडिया से नहीं बल्कि अमेरिका की तरफ से ही इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है।