अंबाला सिटी।अंबाला सिटी के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में वीरवार को हरियाणा के परिवहन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री असीम गोयल ने उच्च अधिकारियों के साथ दौरा किया। स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप विकसित करने व स्टेडियम का कायाकल्प करने के निर्देश उच्च अधिकारियों को दिए। सर्वप्रथम मंत्री असीम गोयल ने स्टेडियम में बने रनिंग ट्रैक व हॉकी के मैदान का जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंबाला के खिलाड़ियों की एस्ट्रोटर्फ की मांग को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इस दौरान मंत्री ने स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल के भी कायाकल्प के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन हॉल का भी विस्तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जाये।इसके लिए अधिकारी विशेष रूप से एक्सपर्ट आर्किटेक्ट से विचार विमर्श करके दोबारा एक नक्शा तैयार करवाए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के कायाकल्प के लिए अधिकारी 25 तक इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) व अन्य कागजी कार्रवाई पूर्ण कर दें, ताकि स्टेडियम में कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।