अंबाला। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिला अंबाला में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर पुलिस के जवान सादी वर्दी में रहकर चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। अंबाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने सभी थाना प्रभारियों को अपने इलाके में मुस्तैदी बढ़ाने के निर्देश दिए है। जगह-जगह नाकाबंदी कर वाहनों की जांच पड़ताल की जा रही है। होटल, गेस्ट हाउस, सराय भवनों में थाना स्तर पर टीमों को गठित कर उनका सत्यापन किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर बाजारों रेलवे स्टेशनों बस अड्डा पर जांच पड़ताल की जा रही है। रेलवे स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों की जांच पड़ताल के अलावा ट्रेनों के अंदर आरपीएफ व जीआरपी द्वारा जांच की जा रही है, इसके अलावा भीड़भाड़ वाले क्षेत्र, चौक, बाजार, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे आदि पर पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। थानों में अतिरिक्त मुलाजिम तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नागरिक कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को पूर्ण सहयोग दें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें, लावारिस वस्तु, संदिग्ध, आपराधिक किस्म के व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।