लालकुर्ती में होटल के बाहर हवाई फायर करता हुआ आरोपी सीसीटीवी फुटेज में कैद
अंबाला। लालकुर्ती में होटल मालिक को डराने के लिए हवाई फायर करने का मामला सामने आया है। बाकायदा पीड़ित होटल मालिक की बेटी राधिका गुप्ता ने पुलिस को शिकायत देते हुए हवाई फायर करते हुए की सीसीटीवी फुटेज भी दी है।
आरोप लगाया है कि 19 जुलाई को गाली गलौज के बाद आरोपियों ने होटल के बाहर खड़े होकर देसी कट्टे से हवाई फायर कर डराया था। पड़ाव थाना पुलिस ने कुलवंत सिंह, बंटी, परमजीत, संत कौर, शाम पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में सब्जी मंडी निवासी राधिका गुप्ता ने बताया कि उसके पिता का लालकुर्ती में ग्रीन होटल है। वह भी पिता के साथ ही काम करती है।
आरोपी कुलवंत का भी हाईवे के नाम से लालकुर्ती बाजार में होटल है। अक्सर होटल आने वाले ग्राहकों को बीच में रोकते थे। मना करने पर कई बार झगड़ा हो चुका है। कर्मचारियों से भी मारपीट कर चुके हैं। यहां तक पुलिस में भी शिकायत देकर आरोपी समझौता कर चुके हैं। 16 जुलाई की रात को करीब 8 बजे आरोपियों ने साजिश रचते हुए पहले गाली-गलौज की व मारपीट शुरू कर दी। अभद्र शब्दों का भी इस्तेमाल किया।
डायल-112 को फोन कर बुलाया था। उस समय तो मामला शांत हो गया था। पुलिस के जाते ही बाद में भी झगड़ा शुरू कर दिया था। उसके बाद 19 जुलाई को भी आरोपियों ने झगड़ा करते हुए गालीगलौज शुरू कर दी। डराने के लिए देसी कट्टे से होटल के बाहर हवाई फायर भी किया था। धमकाते हुए होटल के सीसीटीवी भी तोड़ने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर उसे व होटल के कर्मचारियों को जान का खतरा होने पर सुरक्षा दिलवाने की मांग की।