अंबाला। धन-धन श्री गुरु हरकृष्ण साहिब जी महाराज का 369वां प्रकाश पर्व गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में श्रद्धाभाव और हर्षोल्लास से मनाया। प्रकाश पर्व के संबंध में आयोजित तीन दिवसीय समागम का सोमवार को समापन हो गया।
हरियाणा सहित अन्य जिलों से आई संगत ने गुरुद्वारा साहिब के पवित्र सरोवर में डुबकी लगाकर मन्नतें मांगी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रकाश उत्सव समागम में पंथ प्रसिद्ध रागी जत्थों ने शबद कीर्तन किया और कविसरी व ढाडी जत्थों ने अपनी-अपनी चिरपरिचित शैली में रचनाओं के माध्यम से संगत को गुरु इतिहास से जोड़ा।
कथा विचार करते हुए भी सिख विद्वानों ने एक ओर बाला प्रीतम धन-धन श्री गुरु हरकृष्ण साहिब जी महाराज के जीवन इतिहास का जिक्र किया, वहीं संगत को अमृतपान करने, बच्चों को सिख व गुरु साहिबान के गौरवमयी इतिहास की जानकारी देने तथा नितनेम से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया। आध्यात्मिकता के इस अलौकिक समागम में संगत ने एकाग्रता से बैठ कर गुरु इतिहास एवं शबद कीर्तन श्रवण किया।
कार्यक्रम में मंच संचालन गुरुद्वारा साहिब के मुख्यग्रंथी भाई बूटा सिंह ने किया। इस दौरान वरिष्ठ उपप्रधान सुदर्शन सिंह सहगल ने संगत को संबोधित करते हुए हरियाणा कमेटी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा कमेटी संगत के भरपूर सहयोग से गुरुद्वारा साहिबान में प्रबंध को ओर भी बेहतर करने में जुटी है। इस मौके पर धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने समागम को सफल बनाने में भरपूर सहयोग देने वाली संगत का आभार जताया।
उन्होंने गुरुद्वारा साहिब की सेवा करने वाले कार सेवा वाले महापुरुषों का सहयोग करने के लिए भी संगत से अपील की।उन्होंने बताया कि संस्था के अधीन स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले अमृतधारी अभिभावकों के गुरु सिख बच्चों की पूरी फीस माफ कर दी गई है, जबकि कॉलेज स्तर पर बच्चों को वजीफे दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गैर सिख विद्यार्थियों को भी संस्था द्वारा प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया है। धर्म प्रचार के दो कार्यालय शुरु कर दिए गए हैं और तीसरे को जल्द ही जींद में स्थापित किया जाएगा। समागम में हरियाणा कमेटी के प्रवक्ता कंवलजीत सिंह अजराना ने बताया कि संगत को सुविधा देने के उद्देश्य से गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में 50 कमरों की सराय बनाई जा रही है।
इसके अलावा गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में भी प्रशासनिक भवन का कार्य जारी है, जबकि आनंद कारज हाल भी बनाया जा रहा है। कर्मचारियों की रिहायश के लिए भी कमरों का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में भी तीन मंजिला सराय बनाई जा रही है। इस दौरान बाबा जगतार सिंह तरनतारन कार सेवा वाले, बाबा गुरमीत सिंह शाहाबाद मारकंडा वाले, कार्यकारिणी समिति सदस्य टीपी सिंह, सदस्य बीएस बिंद्रा, अंग्रेज सिंह कैथल, जत्थेदार जगसीर सिंह मांगेआना, धर्म प्रचार सचिव सरबजीत सिंह जम्मू आदि मौजूद रहे।
समागम में अपनी प्रस्तुति देते हुए बीबी दलेर कौर खालसा का जत्था। संस्था