अंबाला सिटी। प्रदेश के राजकीय प्राथमिक स्कूलों से जेबीटी पदोन्नति के बाद टीजीटी बन गए हैं। पूरे हरियाणा में ऐसे 1335 शिक्षकों की पदोन्नति हुई है। इन जेबीटी में हिंदी में 617, गृह विज्ञान आठ, गणित 202, पंजाबी 81, संस्कृत 420 और विज्ञान में सात शिक्षक टीजीटी के पद पर पदोन्नत हुए हैं।
इन शिक्षकों से शिक्षा विभाग की ओर से स्टेशन भरवा लिए हैं। आगामी दिनों में इन शिक्षकों को नए स्टेशन यानि स्कूल मिल सकते हैं। स्कूल मिलते ही पहली से पांचवीं तक राजकीय स्कूलों में जेबीटी के 1335 पद रिक्त हो जाएंगे। पहले ही प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। कई स्कूलों में दूसरे स्कूलों से डेपुटेशन के बाद शिक्षक लगाए गए हैं।
अब इन शिक्षकों के जाने से पद रिक्त होंगे। वहीं, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने सरकार से अंतर जिला तबादला करने की मांग की थी, मगर विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से अभी यह प्रक्रिया ठंडे बस्ते में चली गई है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि जेबीटी की पदोन्नति को लेकर जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है, हालांकि विभाग में 214 नवनियुक्त टीजीटी को नियुक्ति दी गई है। स्कूलों में नवनियुक्त टीजीटी मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से चलेगी।
नियुक्ति मिलते ही पद होंगे खाली : छाबड़ा
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश प्रवक्ता अमित छाबड़ा ने बताया कि अभी जेबीटी से टीजीटी बने शिक्षकों के स्टेशन भरे गए हैं। जैसे ही इन शिक्षकों को नए स्कूलों में नियुक्ति मिलेगी तो राजकीय प्राथमिक स्कूलों में जेबीटी के पद खाली हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्कूलों में पहले ही शिक्षकों की कमी है। स्कूलों में अंतर जिला तबादला के तहत शिक्षक आएंगे तो कमी को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने बीते दिनों निदेशालय में अधिकारियों के समक्ष यह मांग रखी थी कि अंतर जिला तबादला किया जाए।