अंबाला। खुड्डा खुर्द स्थित जिम के सामने दो युवकों की आधा दर्जन बदमाशों ने हथियारों से जमकर पिटाई कर दी। यह हमला 24 मार्च की रात को हुआ था। गंभीर रूप से घायल कर बदमाश मौके से फरार हो गए। जैसे ही उपचार के लिए युवकों को छावनी नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया तो बदमाश वहां भी पहुंच गए। घायल युवकों के पिता और रिश्तेदारों से बदमाशों ने अस्पताल परिसर में ही दोबारा मारपीट की और फरार हो गए। महेश नगर पुलिस ने अब घायल रवि पूनिया की शिकायत पर अनुराग, गुरजीत, जतिंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रंजिश के चलते दिया वारदात को अंजाम
खुड्डा खुर्द गांव निवासी रवि पूनिया ने बताया कि वह जगदीप सिंह पुनिया के साथ पास की ही जिम के सामने खड़ा था। उसी समय अनुराग सिंह, गुरजीत सिंह, जितेंद्र सिंह व चार- पांच अन्य युवक आए तो कहने लगे तो तू मेरे बारे में गांव में लोगों को गलत बोलता है। जब कहा कि जिसके सामने गलत बोला है उनको सामने लाकर पुछवा दो। इतने में आरोपियों हमला कर दिया। उसका साथी भी चोटिल हो गया। इतना ही नहीं आरोपी ने तलवार से भी उसके सिर पर वार किया लेकिन वो हट गया और कान पर लगने पर बेहोश होकर गिर गया। मारपीट के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
इतने में उसे उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल लेकर आए तो दोबारा आरोपी दो गाड़ियां लेकर अस्पताल में ही पहुंच गए। आरोपियों ने उसके पिता व रिश्तेदारों के साथ भी अस्पताल परिसर में मारपीट की। शिकायत कर्ता ने पुलिस से कहा कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी मारपीट करते हुए आए है। हालांकि मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है।