नारायणगढ़। दो दिन में अफ्रीकी स्वाइन फ्लू से ग्रस्त 547 सूअरों को पशुुपालन विभाग ने मारकर दफना दिया। अब जिले में मौजूदा समय में कोई सूअर इससे संक्रमित नहीं है। मंगलवार को विभाग ने 247 सूअरों को नारायणगढ़ के भूरेवाला स्थित पिगरी फार्म में मारकर दफनाया। इससे पहले सोमवार को 299 को मिट्टी में दबाया था। वहीं, 27 अलग-अलग पिगरी फार्म से सूअरों के सैंपल भोपाल भेजे गए हैं। विभाग अगले 30 दिन में पूरी तरह से नजर रखेगा। सभी पिगरी फार्म में समय-समय पर जाकर सैंपलिंग की जाएगी।
साथ ही पिगरी फार्म मालिकों को अफ्रीकी स्वाइन फ्लू के लक्षण आदि बताए जाएंगे, ताकि वह तुरंत विभाग से संपर्क करें और संबंधित सूअर पर नजर रखी जाए। नारायणगढ़ के भूरेवाला पिगरी फार्म में सभी सूअर को मारने के लिए अब मुआवजे के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एक साल तक पिगरी फार्म में सूअर रखने पर लगाई रोक
पशुपालन विभाग ने नारायणगढ़ के भूरेेवाला पिगरी फार्म के मालिक को एक साल तक संबंधित फार्म में सूअर पालने पर रोक लगा दी है। विभाग ने हिदायत दी है कि वह मुर्गी आदि के लिए फार्म का इस्तेमाल कर सकता है एहतियात के तौर पर फार्म को पूरी तरह से सैनिटाइज करवाया गया है।
नारायणगढ़ के भूरेवाला पिगरी फार्म में अब कोई भी अफ्रीकी स्वाइन फ्लू से संक्रमित सूअर नहीं है। फार्म मालिक को एक साल तक इसी फार्म में सूअर न पालने के लिए बोल दिया गया है। दूसरे काम के लिए वह फार्म का इस्तेेमाल कर सकता है। 30 दिन तक पूरे इलाके में नजर रखी जाएगी।
-डॉ. प्रेम सिंह, उपनिदेशक पशुपालन विभाग