अंबाला। केंद्रीय विद्यालय में बालवाटिका और पहली कक्षा के लिए दाखिला की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बालवाटिका के लिए ऑफलाइन और पहली कक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के महज पांच दिन शेष रह गए हैं। ये आवेदन 15 अप्रैल तक लिए जाएंगे । ये जानकारी प्राचार्य हरिन्द्र लाम्बा ने दी।
उन्होंने बताया कि इस बार केंद्रीय विद्यालयों में सीटों की संख्या कम कर दी गई है। जिससे एक कक्षा में 32 छात्रों को ही दाखिला दिया जाएगा। इससे पहले एक कक्षा में 40 छात्रों को दाखिला दिया जाता था। शिक्षक बच्चों पर सही तरीके से ध्यान दे सकें। इसलिए ये कदम उठाया गया है। दाखिले के आवेदन आने के बाद 22 अप्रैल को स्कूल में ड्रा निकाला जाएगा। इससे पहले यह ड्रा 19 अप्रैल को निकाला जाना था। कुछ राज्यों में चुनाव के चलते इसकी तारीख बदल दी गई है।
केंद्रीय विद्यालय में पहली कक्षा के लिए पांच कक्ष होंगे और प्रत्येक कक्ष में 32 छात्र पढ़ाई करेंगे। केंद्रीय विद्यालय नंबर एक, केंद्रीय विद्यालय नंबर तीन में तीन कक्ष होंगे और केंद्रीय विद्यालय नंबर चार में दो कक्ष होंगे। प्राचार्य हरिन्द्र लाम्बा ने बताया कि बाल वाटिका 1 और 3 के लिए ऑफलाइन आवेदन करना होगा। इसे लिए अभिभावकों को स्कूल में आकर फार्म लेना होगा और फार्म को भरकर 15 अप्रैल तक स्कूल में ही जमा करवाना होगा। वहीं पहली कक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन https://no2ambalacantt.kvs.ac.in/school-contact-us की साइट पर होगा।
-
31 मार्च तक यह होनी चाहिए बच्चों की आयु
पहली कक्षा के लिए बच्चे की आयु छह साल लेकिन आठ साल से कम होनी चाहिए। इसी तरह से दूसरी कक्षा के लिए आयु सात साल लेकिन नौ साल से कम, तीसरी और चौथी कक्षा के लिए आठ साल और 10 साल से कम, पांचवीं कक्षा के लिए नौ साल लेकिन 11 साल से कम होनी चाहिए। छठी कक्षा के लिए 10 साल और 12 साल से कम, सातवीं कक्षा के लिए 11 साल लेकिन 13 साल से कम, आठवीं कक्षा के लिए 12 साल और 14 साल से कम, नौंवी कक्षा के लिए 13 साल लेकिन 15 साल से कम और दसवीं कक्षा के लिए छात्र की उम्र 14 साल और 16 साल से कम होगी चाहिए।