अंबाला। करनाल की नंदीग्राम फूसगढ़ गोशाला में 45 गायों की हत्या के मामले में मोस्ट वांटेड विजय को अंबाला की एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले फरार चल रहे आरोपी पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम भी रखा था। अंबाला एसटीएफ डीएसपी अमन कुमार के निर्देशानुसार इंस्पेक्टर दीपेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने आरोपी विजय कुमार को पंजाब के पटियाला से काबू किया है।
दरअसल, 27 जनवरी को पुलिस को दी शिकायत में गोशाला के प्रधान राजेश बंसल ने बताया था कि फूसगढ़ गांव स्थित नगर निगम की गोशाला,नंदीग्राम में मौजूद गोवंश के लिए 26 जनवरी को करनाल घास मंडी से हरा चारा खरीदा गया था। इसका वजन 82 क्विंटल 40 किलोग्राम था। यह हरा चारा घास मंडी आढ़ती महिंद्र सिंह चौहान से खरीदा गया था। 27 जनवरी को सुबह गोशाला के कर्मचारियों ने शेडों में जाकर देखा तो दो नंबर और तीन नंबर तथा एक नंबर शेड में 45 गायें मृत अवस्था में पाई गई थीं। गायों की मौत हरे चारे से बताई जा रही थी। पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री के आदेश पर भी उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन किया गया था। इसमें सामने आया कि गोवंश को चारे में जहर देकर मारा गया है। इसका खुलासा होने के बाद पुलिस और एसटीएफ को आरोपी विजय की तलाश थी। गोभक्तों में बढ़ते रोष को देखते हुए पुलिस टीमें लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रहीं थीं। इस बीच आरोपी के संबंध में सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम गठित की गई और शुक्रवार को पटियाला से आरोपी को काबू किया गया। इसमें पीएसआई रवि कुमार, हेड कांस्टेबल जगमोहन, ईएचसी संजीव कुमार, ईएसआई पुरुषोत्तम लाल, संदीप कुमार व राहुल शामिल रहे। प्राथमिक जांच के बाद एसटीएफ ने आरोपी को करनाल पुलिस के हवाले कर दिया है। बता दें कि पंजाब के पटियाला स्थित गांव बरकतपुर निवासी विजय कुमार पिछले तीन माह से फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ 27 जनवरी को करनाल के सेक्टर 32 व 33 थाने में आपराधिक मामला दर्ज था।